विकास भवन में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति बैठक लेते सांसद प्रदीप चौधरी व सांसद फजलुर्ह?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई की समुचित व्यवस्था करने तथा जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के निर्देश दिए। वह शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति ‘दिशा’ की बैठक को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि तालाबों पर भारी कब्जे हैं, जिन्हें कब्जामुक्त कराए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सदर तहसील के लोगों और नगर निगम के पार्षदों ने शिकायत की है कि दिव्यांगजन के प्रमाणपत्र बनाए जाने में काफी परेशानियां लोगों के सामने आ रही हैं। इस कार्य को सरल और पारदर्शी बनाया जाए। सांसद प्रदीप चौधरी ने गंगोह क्षेत्र के डबरी में जल निकासी की कार्य योजना बनाए जाने के निर्देश दिए। विधायक मसूद अख्तर ने कहा कि राशन कार्ड की सूची में अपात्रों के नाम को अलग किया जाए। विधायक नरेश सैनी ने घाड़ क्षेत्र में हैंडपंपों के रिबोर के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाए जाने की बात कही। महापौर संजीव वालिया ने कहा कि शहरी विकास के लिए स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत पूरे शहर का समुचित विकास कराया जाएगा। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारी जो ठीक से काम न करें उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि जिले में 192000 बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा, स्वैटर, ड्रेस आदि दे दी गई है। शहर विधायक के प्रतिनिधि ने सीवरलाइन, पांवधोई व ढमोला नदी पर पुलों तथा बिजली आपूर्ति एवं लाइन लॉस के संबंध में जिला स्तर पर कार्रवाई की मांग की। बैठक में विधायक किरत सिंह, ब्लॉक प्रमुख साढ़ौली कदीम, अपर जिलाधिकारी-प्रशासन एसबी सिंह आदि मौजूद रहे।