-रैपिड रिस्पॉन्स टीम की रहेगी नजर, हर क्षेत्र में टीम का गठन
-लोगों को डेंगू से बचाव और उपचार के प्रति भी करेगी जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग हर तरह से प्रयास कर रहा है। जिस प्रकार कोरोना काल में हॉट स्पॉट की निगरानी हुई थी, उसी तरह डेंगू में भी रैपिड रिस्पॉन्स टीम नजर रखेगी। हर क्षेत्र में टीम का गठन कर दिया गया है।
जिले में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना मरीज बढ़ते जा रहे हैं। परिवार में कोई न कोई सदस्य वायरल बुखार की चपेट में है। सितंबर तक का समय डेंगू के लिए प्रभावी माना जाता है। हालांकि अब तक डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने बचाव की तैयारी तेज कर दी है।
कहीं पर डेंगू का मरीज मिलेगा, वहां आसपास के 50 घरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचेगी। साथ ही उस क्षेत्र को हॉट स्पॉट घोषित कर उसकी निगरानी भी की जाएगी, जिससे डेंगू के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि जो टीमें ब्लॉकवार गठित की गई हैं, वह लोगों को डेंगू से बचाव और उपचार के बारे जागरूक करेंगी।