सहारनपुर। जनपद में डेंगू नहीं रुक रहा है। मंगलवार को दो नागरिकों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि आठ बुखार के रोगी मिले हैं। एक डेंगू मरीज को वार्ड में भर्ती किया गया। अब डेंगू मरीजों की संख्या 124 हो गई।
डेंगू के बढ़ते मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। आए दिन जांच के दौरान लोगों में डेंगू की पुष्टि हो रही है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि मंगलवार को शहर और सरसावा में एक-एक डेंगू का मरीज मिला है। भलस्वा इस्सोपुर, हबीबपुर तपोवन, खेड़ा मेवात, आजाद कालोनी और मानकमऊ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों आठ रोगी बुखार के मिले हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में डेंगू वार्ड के प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मंगलवार को एक डेंगू मरीज वार्ड में भर्ती हुआ है। जबकि दो मरीज डिस्चार्ज किए गए। अब वार्ड में तीन डेंगू मरीजों का इलाज चल रहा है।