पेपर मिल रोड स्थित प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड पर धरना प्रदर्शन करते राष्ट्रवादी सेना के पदाधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। राष्ट्रवादी सेना व अंतरराष्ट्रीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने टपरी मार्ग स्थित एक उद्योग द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण के विरोध में बृहस्पतिवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। उद्योग पर कार्रवाई नहीं होने पर संगठन पदाधिकारियों ने खुद उद्योग और बोर्ड कार्यालय पर ताला जड़ने की चेतावनी दी है।
राष्ट्रवादी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि टपरी मार्ग पर स्थित एक उद्योग की चिमनियां जहरीला धुआं उगल रही हैं, जिससे आसपास की आबादी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा कैमिकल युक्त पानी को नाले में बहाकर पानी को भी दूषित किया जा रहा है। इस प्रकार उक्त उद्योग पर्यावरण, प्रकृति के साथ ही लोगों की जिंदगी से भी खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यदि समय रहते उद्योग पर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उद्योग और बोर्ड कार्यालय पर ताला तालाबंदी करेगा।
धरने में राजपाल सिंह, चौधरी विक्रम सिंह, अंकुर रादौर, सुशील, संदीप, संजय, सतीश, सुमन शर्मा, राजेश पंडित, विकास, अनूप सिंह, सुनील त्यागी, कुनाल, कमल मिश्रा, राकेश, जोनी आदि शामिल रहे।