संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को अवैध कालोनी और अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की। उन्होंने तीन अवैध कालोनियों में निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया। साथ ही टीम ने तीन अवैध निर्माण कार्यों को भी सील कर दिया।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि प्राधिकरण की टीम ने शंकलापुरी से हाकिमपुरा रोड पर दस बीघा जमीन पर कालोनी काटी जा रही थी। कालोनी में सड़कों की निशानदेही कर भूखंडों को विकसित किया जा रहा था। इसके अलावा ग्राम देवला में लगभग 25 बीघा भूमि पर अवैध कालोनी विकसित करने के लिए सड़कों की निशानदेही एवं सड़क बनाने के लिए पत्थर डालने के कार्य किया जा रहा था। साथ ही हाकिमपुरा के पीछे करीब 14 बीघा जमीन पर मिट्टी की सड़कें की निशानदेही का कार्य किया जा रहा था। विकास प्राधिकरण की टीम ने इन कालोनियों में हुए अवैध निर्माण कार्यो को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा टीम ने आईटीसी रोड स्थित रजवहा पटरी पर हुए निर्माण कार्य, दिल्ली रोड पर एक अवैध निर्माण कार्य और शंकलापुरी में एक अवैध निर्माण कार्य को सील कर दिया। उन्होंने कहा कि अवैध कालोनियों और अवैध निर्माण के विरुद्ध विकास प्राधिकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान सहायक अभियंता सार्थक शर्मा, अवर अभियंता हरिओम गुप्ता, प्रदीप गोयल, सुधीर कुमार, मेट मदनपाल, लाल बहादुर, राहुल कुमार, वैभव, चरण सिंह आदि मौजूद रहे।