सहारनपुर। बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर कारगिल लेह में लापता हुए आइइएस (इंडियन इंजीनियरिंग सर्विस) अधिकारी सुभान अली और उनके चालक पलविंदर सिंह को तलाशने की मांग की है। बुधवार को भेजे गए पत्र में सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि कारगिल लेह में तैनात यूपी के जनपद बलरामपुर निवासी आईइएस अधिकारी सुभान अली और चालक पलविंदर सिंह के लापता होने की वजह से उनका परिवार बेहद परेशान हैं। सांसद ने कहा कि सुभान अली जीओ (सीआईवी) आरसीसी 81 (जीआरईएफ) में तैनात हैं। 22 जून को वह चालक पलविंदर सिंह के साथ मीनामर्ग क्वारंटीन सेंटर के निरीक्षण के लिए गए थे। उस दिन के बाद से दोनों लापता हैं, जबकि पूर्व में वह प्रतिदिन अपने माता-पिता को कॉल करते थे। इसको लेकर उनके परिजन परेशान हैं। इस संबंध में उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कमांडिंग अधिकारी से भी संपर्क किया गया था, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अगले दिन उन्हें सूचित किया गया कि सुभान अली जिस वाहन से गए थे, वह खाई में गिर गया था और द्रास नदी में बह गया था। 26 जून को वाहन को नदी से निकाल लिया गया, लेकिन सुभान और पलविंदर का कुछ पता नहीं चल सका। सीमा सड़क संगठन और कारगिल प्रशासन दोनों को अपने सीमित संसाधनों के साथ खोजने की कोशिश कर रहा है, लेकिन दुर्भाग्य से सफलता नहीं मिल पाई है। सांसद ने रक्षा मंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए सुभान अली व पलविंदर को तलाश कराए जाने की मांग की।