देवबंद। नगर में डेयरी संचालक से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने तथा न देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस जनपद मुजफ्फरनगर सहित अन्य स्थानों पर दबिश दे रही है।
पंजाबी कॉलोनी निवासी अविनाश बत्रा ने रेलवे रोड पर दूध डेयरी की हुई है। पुलिस को दी तहरीर में अविनाश ने बताया कि थाना बड़गांव के शिमलाना निवासी राजू उर्फ रण सिंह पिछले करीब एक माह से लगातार फोन कर उससे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। 24 सितंबर को राजू अपने एक साथी के साथ दुकान पर भी पहुंच गया और जल्द पांच लाख रुपये देने तथा न देने पर गोली मारने की धमकी देकर गया।
अविनाश बत्रा ने पुलिस को बताया कि 11 अक्तूबर को राजू ने जनपद मुजफ्फरनगर के नवादा गांव निवासी साथी दीपक व दो अन्य लोगों के साथ उसकी दूध की गाड़ी लेकर आ रहे ड्राइवर अंकित को रोक लिया। वह उसे सूबरी के जंगल में ले गए। जहां उन्होंने उससे कहा कि मालिक को बता देना कि पैसे नहीं दिए तो उसे जान से मार देंगे। जिसकी वजह से ड्राइवर बुरी तरह डरा हुआ है। पुलिस ने राजू, दीपक सहित चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस जनपद मुजफ्फरनगर और बड़गांव में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक कोई भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। सीओ अशोक सिसोदिया का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।