सिद्धपीठ में देवी दर्शनों को लगी श्रद्धालुओं की कतार। संवाद
शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में शारदीय नवरात्र मेले के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हालांकि सुबह बारिश का अलर्ट होते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ को आठ बजे भूरादेव पर रोक दिया। दोपहर एक बजे के बाद मौसम ठीक होने पर उन्हें देवी दर्शनों को जाने दिया गया। जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र एवं एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने भी मेले में पहुंच व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सोमवार को सिद्धपीठ में भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई थी और लंबी लाइन लग गई थी। सुबह से अचानक से बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश को देखते हुए एडीएम एफ रजनीश मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक सागर जैन, एसडीएम दीपक कुमार, सीओ रुचि गुप्ता, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ एवं मेला इंचार्ज अवनीश गौतम ने उद्घोषणा कराकर दुकानदारों को चेतावनी जारी कर अपना सामान ऊंचाई वाले स्थान पर जाने के लिए चेताया। शाकंभरी में आए हुए श्रद्धालुओं को भवन पर ही पर रोक लिया गया। दूसरी ओर सिद्धपीठ को आने वाले श्रद्धालुओं को भूरादेव पर रोक दिया गया। गनीमत रही कि खोल (नदी) में पानी नहीं आया।
बारिश कम होने के बाद दोपहर एक बजे श्रद्धालुओं को देवी दर्शनों के लिए जाने दिया गया। डीएम डाॅ. दिनेश चंद्र एवं एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने भी मेले में परिक्षेत्र में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा लिया।