आईपीएल में दिल्ली कैपिटल विरूद्घ बल्लेबाजी करते सहारनपुर निवासी मयंक अग्रवाल
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। आईपीएल के दूसरे मुकाबले में रविवार रात दिल्ली कैपिटल के विरुद्ध किंग इलेवन पंजाब के लिए बल्लेबाजी करते हुए सहारनपुर निवासी मयंक अग्रवाल ने 89 रन की शानदार पारी खेली। मगर जीत से एक रन पहले मयंक के आउट होने के बाद मैच सुपर ओवर तक पहुंचा, जिसमें पंजाब की टीम को हार का सामना करना पड़ा।
मयंक अग्रवाल का परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला है। उनका आधा परिवार अब भी सहारनपुर में उद्योग चलाता है। जब भी समय मिलता है मयंक पत्नी के साथ सहारनपुर चले आते हैं। यही वजह है कि जब से मयंक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं, तब से सहारनपुर के खेल प्रेमियों का उनसे अलग ही लगाव है। रविवार की रात दिल्ली कैपिटल की टीम ने 157 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो केएल राहुल और मयंक अग्रवाल शुरूआत करने उतरे। मगर एक - एक कर पंजाब के छह खिलाड़ी आउट होते चले गए, जिससे पंजाब की हार तय मानी जा रही थी। मगर एक छोर पर खड़े मयंक अग्रवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के मुहाने पर पहुंचा दिया। पंजाब टीम के खिलाड़ी जीत तय मान चुके थे। अंत में दो गेंद पर एक रन जीत के लिए चाहिए था, मगर सेकेंड लास्ट बॉल पर मयंक कैच आउट हो गए। मयंक अग्रवाल ने 60 गेंद पर शानदार 89 रन बनाए। इसके बाद अंतिम गेंद पर आठवां विकेट भी गिर गया। जिससे मैच बराबरी पर रुकने के बाद सुपर ओवर तक पहुंच गया। जिसमें पंजाब की टीम को हार का सामना करना पड़ा। मगर मयंक की सूझबूझ भरी आतिशी पारी ने सहारनपुर के खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया।
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल विरूद्घ बल्लेबाजी के दौरान अर्द्घशतक के बाद अभिवादन करते सहारनपुर निव?- फोटो : SAHARANPUR