देवबंद। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर सैनपुर गांव के समीप एक हिरण घायल अवस्था में पड़ा मिलने पर लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल हिरण का उपचार कराया।
सोमवार सुबह कुछ लोगों ने सैनपुर गांव के समीप सड़क किनारे खेत में एक घायल हिरण को पड़े देख उसकी सूचना तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में वन विभाग के कर्मचारी वहां पहुंचे और घायल हिरण को अपने कब्जे में लेकर साथ ले गए। जिसका उपचार कराने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि संभवत हिरण हाईवे को पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आकर घायल हुआ है। उसकी मरहम पट्टी कराकर उसे जंगल में छोड़ दिया गया है। संवाद