सहारनपुर। आयकर विभाग की टीम ने कमेला कालोनी के पास तीन लोगों के यहां छापा मारकर डेढ़ करोड़ रुपये की अघोषित आय पकड़ी। जिसे प्रधानमंत्री कल्याण योजना में घोषित किया गया। छापामार कार्रवाई से व्यापारियों एवं अन्य धनाढ्य लोगों में खलबली मच गई।
बृहस्पतिवार को संयुक्त आयकर आयुक्त कमल खन्ना के नेतृत्व में आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम ने पुलिस को साथ लेकर कमेला कालोनी में तीन लोगों के यहां छापा मारा। आयकर विभाग का छापा लगते ही खलबली मच गई। अन्य कई व्यापारियों एवं धनाढ्य लोगों में भी छापे की आशंका से हड़कंप मच गया। आयकर विभाग की टीम ने तीनों लोगों के यहां से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की अघोषित आय पकड़ी जिसे प्रधानमंत्री कल्याण योजना में घोषित किया गया।
सूत्रों केे अनुसार आयकर विभाग ने बैंक रिकार्ड के आधार पर छापामारी की है। बताया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान इन लोगों द्वारा पुरानी करेंसी में भारी मात्रा में नोट जमा कराए गए थे। आयकर विभाग ने क्षेत्र के ऐसे लोगों की सूची तैयार कर ली है, सिर्फ 31 मार्च तक इंतजार किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि लोग जिस संपत्ति के बारे में जवाब नहीं दे सकते, उस संपत्ति की खुद ही घोषणा कर दें। उन्हें सिर्फ 49.9 प्रतिशत टैक्स और 25 प्रतिशत प्रधानमंत्री कल्याण योजना में जमा किया जाएगा। घोषित नहीं करने पर पकड़े जाने के बाद 137.5 प्रतिशत टैक्स और पेनाल्टी जमा कराई जाएगी। इसके अलावा अन्य विभागों द्वारा कार्रवाई की जाएगी।