रामपुर मनिहारान। विजयदशमी पर रावण दहन को लेकर बुलाई गई बैठक में कोई निर्णय नहीं हो सका। मामले का कोई हल ना निकलते देख रामलीला के पात्र भी अभिनय की वेशभूषा में ही थाने पहुंच गए। इसके चले बृहस्पतिवार को मंचन भी विलंब से शुरु हुआ।
विजयदशमी के पर्व के दो दिन शेष हैं और नगर में श्री गंगाराम कमेटी के रावण दहन को लेकर स्थान चिन्हित नहीं हो सका है। जिस जगह पर पूर्व में रावण दहन होता आ रहा है वहां कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। इसके मद्देनजर देर शाम एसडीएम सुरेंद्र कुमार ने कोतवाली प्रांगण में रामलीला से जुड़े पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इसमें रामलीला मंचन शुरू होने से पूर्व राम लक्ष्मण सहित सभी पात्र कोतवाली पहुंच गए। हालांकि दूसरे पक्ष से कोई भी बैठक में नहीं पहुंचा। इसके चलते इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं हो सका।
पात्रों के कोतवाली पहुंचने के कारण रामलीला का मंचन भी समय से शुरु नहीं हो सका। बाद में एसडीएम सुरेंद्र कुमार, सीओ एसएन वैभव पांडेय, कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार त्यागी ने दोनों रामलीला स्थलों पर पहुंच कर मंचन को शुरू कराया। एसडीएम सुरेंद्र कुमार का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें। जल्द ही कोई निर्णय ले लिया जाएगा। इस दौरान प्रधान संजय गुप्ता, प्रधान जयराज पंवार, बृजपाल चौधरी, महामंत्री अनिल जैन आदि रहे।