सहारनपुर। एक साल पहले दूसरे वर्ग की युवती से प्रेम विवाह करने वाले युवक की मौत हो गई है। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस शादी के बाद से ही रंजिश रखने वाले युवती पक्ष के लोगों ने उस पर हमला किया और उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में लंबे समय से कोर्ट में वाद चल रहा है। इसलिए मामले की पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में युवक पक्ष की ओर से थाना कुतुबशेर क्षेत्र में तहरीर दी गई है। इसके मुताबिक प्रेम विहार कालोनी निवासी युवक शुभम के भाई देव कुमार ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव घाटेड़ा का रहने वाला है। भाई का दूसरे वर्ग की युवती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। इसके चलते एक साल पहले ही दोनों ने शादी भी कर ली। बाद में दोनों दिल्ली रोड स्थित प्रेम विहार कालोनी में रहने लगे थे, लेकिन युवती पक्ष के लोग लगातार रंजिश रखते आ रहे थे। उनका मामला भी कोर्ट में चल रहा था। देव कुमार ने बताया कि उसका भाई एक वाईफाई कंपनी में केबिल डालने का काम करता था। शुक्रवार को वह सुबह दस बजे घर से सिविल कोर्ट गया था। यहां अपना काम करके वह हकीकत नगर स्थित अपने ऑफिस गया था। वहां से वह बाइक पर एक कर्मचारी महेश वर्मा के साथ सुभाष नगर के लिए निकला। अंबाला रोड पर सेवनसीज वाली गली में उन्हें चार लोग खड़े मिले। इन चारों ने शुभम पर लोहे की रॉड, डंडों और थप्पड़ घूंसे से पीटना शुरू कर दिया। वह बुरी तरह जख्मी हो गया, साथी कर्मचारी ने उन्हें फोन पर घटना की सूचना दी। बाद में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान भाई की मौत हो गई।
युवती को ले गए थे उसके परिजन
- युवक पक्ष के लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले ही युवती को उसके परिजन लेकर चले गए थे। तब से युवक उसकी तलाश में लगा था। आरोप है कि अब युवती अपने परिजनों के दबाव में है और उन्हीं के पास कहीं भगवानपुर में है। आशंका जताई कि युवती को ले जाने के बाद से ही युवक को जान से मारने की साजिश की जा रही थी। मृतक के भाई और अन्य लोगों का कहना है कि जून माह में ही दो बार पुलिस प्रशासन के अफसरों से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
कोर्ट में चल रहा था वाद, मामले की जांच जारी
- इस प्रकरण में थाना कुतुबशेर प्रभारी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि इस युवक का प्रेम विवाह हुआ था। युवक और युवती पक्ष के बीच के बीच कोर्ट में वाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि अभी तक उनके पास जो जानकारी है, वह यही है कि वाईफाई का केबल डालते समय गिरने से घायल होने के बाद युवक की मौत हुई है, लेकिन युवक पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के साथ ही पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और अन्य बिंदुओं के आधार पर जांच के बाद ही आगे की पूरी कार्रवाई होगी। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।
मामला संज्ञान में आया है, जांच करवाएंगे
- इस प्रकरण के बारे में पूछने पर एसपी सिटी विनीत भटनागर ने कहा कि यह मामला संज्ञान में आया है। संबंधित थाना पुलिस से पूरी जांच करवाएंगे। उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।