सहारनपुर के नानौता के गांव भनेड़ा खेमचंद में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जबकि उसके पिता और दादा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्राली सवार अन्य ग्रामीण बाल-बाल बचे। बच्चे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है।
शुक्रवार की सुबह नानौता थाना क्षेत्र के गांव भनेड़ा खेमचंद निवासी किसान शालू राणा अपने चाचा साहब सिंह (68) पुत्र युवराज (3) व अन्य तीन ग्रामीणों को ट्रैक्टर ट्राली पर बैठाकर नानौता की ओर किसी काम से आ रहा था।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी ट्रैक्टर ट्राली बीच रास्ते में पांडुखेड़ी गांव के पास बने रेलवे अंडर पास पर पहुंची तो अर्ध निर्मित अंडर पास के ढलान पर ट्राली में बैठा मासूम युवराज उछलकर नीचे गिर गया और ट्राली का पहिया उसे कुचलता हुआ निकल गया।
इसके बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली पलट गई और उसमें सवार साहब सिंह व शालू राणा भी घायल हो गए। अन्य लोग समय रहते कूद गए। घटना के बाद सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों घायलों को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल भरती कराया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोपहर बाद बच्चे के शव को गमगीन माहौल में दफना दिया गया। ग्रामीणों ने घटना के लिए रेलवे प्रशासन को जिम्मेदार बताया है।
ग्रामीण श्यामवीर सिंह, जगबीर सिंह, कर्मवीर सिंह, साहब सिंह, कुलदीप सिंह, गांव प्रधान सुदेश कुमार आदि का कहना है कि पिछले काफी दिनों पूर्व रेलवे द्वारा अंडर पास तैयार कर दिया था। लेकिन आज तक दोनों ओर पक्का निर्माण नहीं कराया गया है।
इसके चलते यहां वाहन अनियंत्रित हो जाता है। करीब एक महीने से अंडरपास के नीचे पानी भरा हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने रेलवे प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस पर कार्य न किया गया तो ग्रामीण मजबूरी में आंदोलन करेंगे।