गागलहेड़ी (सहारनपुर)। यूपी-उत्तराखंड बाॅर्डर पर स्थित काली नदी पुलिस चौकी के पास युवक की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फाॅरेंसिक टीम ने भी घटना का निरीक्षण कर नमूने लिए। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सोमवार सुबह ग्रामीण अपने खेत पर पहुंचे तो चौरादेव वाले रास्ते पर सड़क किनारे खेत में पापुलर के पेड़ों के बीच एक युवक का शव पड़ा था। शव की गर्दन में बेल्ट बंधी थी। युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए हुए थे। सिर के पीछे भी कई घाव बने थे। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शव की हालत देखकर लग रहा था कि सिर पर चोट मारने के बाद युवक का बेल्ट से गला घोंटा गया हो। मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने बताया कि देर शाम तक यहां कुछ नहीं था। इसका मतलब देर रात ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक सुनील नेगी ने बताया कि युवक की हत्या कर शव को यहां डाला गया है। सिर पर काफी चोटें लगी हैं तथा उसकी ही बेल्ट से गला घोंटा गया है। युवक की उम्र 25 वर्ष के करीब है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों के साथ ही पड़ोसी राज्य उत्तराखंड की पुलिस की भी मदद ली जा रही है।