गंगोह। सरकारी अस्पताल के समीप स्थित एक ईख के खेत में किसी ने नवजात बच्ची का शव फेंक दिया। कुत्तों को शव नोचते देखकर लोगों की नजर उस पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार शाम सहारनपुर मार्ग स्थित सरकारी अस्पताल के पीछे कुछ लोगों ने कुत्तों को एक नवजात बच्ची का शव नोचते हुए देखा। उन्होंने कुत्तों को भगाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस को अभी यह पता नहीं लग सका कि नवजात बच्ची यहां कैसे पहुंची। कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा का कहना है कि यह कोई भ्रूण भी हो सकता है जिसे कुत्ते कहीं से उठा लाए हों। मामले की जांच की जा रही है।