गंगोह(सहारनपुर)। मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी 16 वर्षीय अमान का शव एक सेलर के कमरे में पड़ा मिला है। वह बृहस्पतिवार सुबह से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। आरोप है कि उसे बंद पड़े सेलर की छत से मशीन के कमरे में फेंका गया है। परिजनों ने हंगामा करते हुए करीब एक घंटे तक शव नहीं उठने दिया। बाद में अधिकारियों और नेताओं के समझाने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। देर शाम को एसएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नगर के मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी जमील मेन रोड पर एक सेलर के बाहर फलों की ठेली लगाता है। उसने सेलर में ही गोदाम किराए पर ले रखा है। रात में उसी में वह अपनी ठेली खड़ी करता है। उसका 16 वर्षीय बेटा अमान अपने पिता के साथ काम में हाथ बंटाता था, साथ ही वह रिश्तेदार के सैलून में काम भी सीख रहा था। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अमान सेलर से ठेली निकालने गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। परिजनों ने उसे आसपास और सभी संभावित स्थानों पर तलाश किया, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी।
शुक्रवार दोपहर तलाश के दौरान किसी की नजर सेलर के बंद पड़े मशीन रूम की टूटी हुई टीनशेड की छत पर पड़ी। इसके बाद कमरा खुलवाकर देखा गया तो वहां खून से लथपथ अमान का शव पड़ा था। उसके सर से खून बह रहा था। अमान की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहां मोहल्ले वासियों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही सीओ अवितेश सिंह और कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। बाद में रालोद देता हाजी सलीम कुरैशी, सपा नेता चौधरी नक्षत्रपाल सिंह और पूर्व चेयरमैन बसपा नेता नोमान मसूद आदि के समझाने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। मृतक अमान पांच भाई बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी दो छोटी बहनें और दो भाई हैं। अमान की मौत से जहां परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है वहीं पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया है।
परिजनों की नहीं किसी से रंजिश
गंगोह। मृतक अमान या उसके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है। माना जा रहा है कि किसी ने गलत नीयत से अमान को पकड़ा होगा। सफल नहीं होने पर हत्या कर दी। उसके सिर से भी खून बह रहा था। उसे ऊपर से अंदर नीचे डाला गया है। सेलर में कई जगह रक्त जैसी लाल बूंदें पड़ी थीं। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर उनके नमूने परीक्षण के लिए भिजवाए हैं। डॉग स्क्वॉड ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोर की छत से गिर कर मौत होना प्रतीत हो रहा है, बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।