रामपुर मनिहारान। दिल्ली हाइवे पर आम के बाग में एक 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर फॉरेंसिक टीम व पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को नीचे उतार जांच पड़ताल की। पुलिस के अनुसार शव 15 से 20 दिन पुराना है। आशंका है कि उसकी हत्या की गई है।
दिल्ली हाईवे पर मोहल्ला पीरजादगान निवासी अंजुम का आम का बाग है। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आम के बाग में पेड़ से किसी व्यक्ति का शव रस्सी से लटका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। शव काफी पुराना हो चुका था। ऐसे में उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 40 साल है, जिसने बनियान और पाजामा पहन रखा था। इसके अलावा उसके पास से ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके।
सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने बताया कि शव 15 से 20 दिन पुराना है। शव जमीन से करीब पांच फिट ऊपर लटका हुआ था। ऐसे में आशंका यह भी जताई जा रही है कि किसी ने युवक की हत्या की हो। क्योंकि जिस जगह पर यह शव लटका मिला है वहां पर काफी सुनसान एरिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास जिलों से लापता लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।