गंगोह (सहारनपुर)। ससुराल से अपने घर के लिए निकले युवक का जानवरों द्वारा नोंचा गया शव बाग में पड़ा मिला। युवक एक दिन पूर्व ससुर व साढू़ के साथ अपनी ससुराल आया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। उसके बाद शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की दो साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
शामली जनपद के गांव हथछोया निवासी मोहित शर्मा (25) पुत्र राजपाल रविवार को अपने ससुर व गांव टोडरपुर निवासी साढू़ अशोक के साथ अपनी ससुराल गांव शकरपुर आया था। तीनों लोग दो बाइकों से गांव आए थे। बताया गया कि रविवार शाम को ही मोहित ससुराल से लौट गया था। उसके भाई ने फोन पर उससे बात की तो उसने बताया कि वह ससुर को गांव में छोड़कर चल दिया है। इसके बाद रात में जब फोन मिलाया तो उसका फोन स्वीच आफ मिला। परिजन कल से ही उसको लेकर परेशान थे तथा तलाश में लगे थे। सोमवार को दोपहर बाद गंगोह क्षेत्र के गांव बाढ़ी माजरा भट्ठे के पास स्थित एक बाग में एक शव पड़ा होने की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची।
बाग के बाहर मृतक की बाइक व जूते पड़े थे। इससे कुछ दूर बाग के अंदर युवक का शव पड़ा था, जिसका चेहरा जानवरों ने नोंच रखा था। उसकी जेब में मिले कागजों के आधार पर उसकी पहचान मोहित के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी। सूचना पाकर रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोहित की दो साल पूर्व शादी हुई थी। उसके अभी कोई बच्चा भी नहीं है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। इसके बाद शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि शव को जानवरों ने खा रखा था। ऐसे में यह साफ नहीं हो पा रहा कि उसकी हत्या हुई या आत्महत्या की है। शरीर पर चोट आदि के भी स्पष्ट निशान नहीं दिखाई दिए हैं। ऐसे में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मोहित की मौत का कारण पता लग सकेगा। परिजनों ने भी किसी पर संदेह नहीं जताया है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।