सहारनपुर के नानौता में पांच दिन पूर्व गांव भोजपुर में गोली का शिकार बने सोमपाल की पुत्री की शादी संगीनों के साये में सकुशल संपन्न हुई। इसके लिए थाना पुलिस दुल्हन की विदाई तक विवाह स्थल पर डटी रही।
जहां एक ओर मृतक सोमपाल के परिवार में सबसे बड़ी पुत्री कोमल की शादी की खुशी थी तो वहीं दूसरी ओर पीड़ित परिवार गम में डूबा हुआ नजर आया। क्योंकि जिस घर में आज शादी हो रही थी उसी घर में मात्र पांच दिन पूर्व घर के मुखिया का जनाजा निकला था।
बिल्कुल शांत माहौल में शादी की सभी रस्में निभाई गई। परिवार के लोग कोमल की शादी के लिए हर वो काम कर रहे थे, जो शादी के दौरान किए जाते है। लेकिन हर काम के दौरान बार-बार मौत का मंजर याद आता तो आंखें भर आती थी।
उधर, शादी के दौरान कोई विघ्न न पहुंचे इसके लिए सुरक्षा की दृष्टि से थाना पुलिस भी विवाह स्थल पर मुस्तैद नजर आई। शादी के दौरान गांव प्रधान सहित ग्रामीणों द्वारा भी अपनी ओर से हर संभव योगदान दिया गया।
जिला शामली के थानाभवन क्षेत्र के गांव दखौड़ी जमालपुर से आई बारात शांत माहौल में शाम के समय सभी वैवाहिक रस्मों के बाद दुल्हनिया को अपने साथ ले गए। एसओ ने बताया कि शादी शांति से निपट गई।