हकीकत नगर में शमशान घाट पर अपनी मॉ की चिता को मुखाग्नि देती रितु त्यागी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। महानगर में दरोगा बेटी ने मां का अंतिम संस्कार किया। मां का निधन होने पर हकीकतनगर स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की सभी रस्में दरोगा रीतू त्यागी ने पूरी कीं। रीतू की दो बड़ी और दो छोटी बहनें हैं। परिवार की खातिर रीतू ने शादी नहीं की।
मोहल्ला नवीनगर निवासी रीतू त्यागी पुलिस में उप निरीक्षक हैं और वह वर्तमान समय में मेरठ के महिला थाने में तैनात है। रीतू के पिता राजेंद्र प्रसाद होमगार्ड विभाग में लेखाधिकारी थे। बीमारी के बाद शनिवार को रीतू त्यागी की मां 77 वर्षीय कृष्णा का निधन हो गया, इनका अंतिम संस्कार हकीकतनगर स्थित श्मशान घाट में दोपहर तीन बजे किया गया। दरोगा बेटी रीतू त्यागी ने मां के अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी कीं और मुखाग्नि दी। रीतू के परिवार के करीबी एसएएम इंटर कॉलेज के अध्यापक ब्रिजेश पुंडीर व डॉ. साधा राम ने बताया कि रीतू ने परिवार की खातिर शादी नहीं कराई । अपनी मेहनत के बल पर दरोगा बनी। रीतू की सबसे बड़ी बहन बबीता, उससे छोटी नीतू और फिर रीतू, इनसे छोटी शालू और पूजा त्यागी हैं। रीतू ने एक भाई की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी बहनों की शादी कराई और अपना जीवन परिवार के लिए समर्पित कर दिया। मां का अंतिम संस्कार कर रीतू त्यागी ने पुत्र का फर्ज पूरा किया।