देवबंद। दारुल उलूम के हवाले से सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि संस्था में आने वाले गेहूं को बाजार में बेचकर करोड़ों रुपये की कमाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया के माध्यम से किए जा रहे इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने कहा कि इस भ्रामक वीडियो के जरिए संस्था के समर्थकों और शुभचिंतकों को गुमराह किया जा रहा है। इसका उद्देश्य संस्था को नुकसान पहुंचाना है, जो बेहद निंदनीय कृत्य है। उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि दारुल उलूम में आने वाले अनाज को अच्छे दामों में बाजार में बेचा जा रहा है। वार्षिक बजट में खर्च होने वाली 13 करोड़ रुपये की बड़ी रकम बचाई गई है। यह भी दावा किया गया है कि संस्था को सब्सिडी के रुप में मिली 6.5 करोड़ रुपये की रकम सरकार को वापस करनी पड़ी है।