सहारनपुर। पिछले दिनों हुई छह दिन की बारिश ने सड़कों का भारी नुकसान पहुंचाया है। कई सड़कों की हालत ऐसी हो गई है कि उन पर चलना मुश्किल हो रहा है, लेकिन अभी तक संबंधित विभाग या नगर निगम ने उक्त सड़कों की सुध नहीं ली है। ऐसे में राहगीरों के वाहन हिचकोले खाते हुए चल रहे हैं।
कोर्ट रोड पुल से कलक्ट्रेट तक का मार्ग और पुल जोगियान से पांवधोई की पटरी जो पुल खुमरान से होते हुए बेहट अड्डा पर जाती है वह भी वर्षों से टूटी है। इसी प्रकार पुल खुमरान से अरबी मदरसा की ओर जाने वाला मार्ग टूटा हुआ है। छह दिन की बारिश के बीच इन मार्गों पर वाहनों के चलने से गड्ढों ने बड़ा आकार ले लिया। वर्तमान में वह गड्ढे छह इंच से एक फीट तक गहरे हो चुके हैं, जिन पर से दुपहिया वाहनों के साथ ही चौपहिया वाहनों के लिए भी निकलना मुश्किल हो रहा है। बाहरी कॉलोनियाें जैसे हकीमपुरा मार्ग, चकदेवली से ज्ञानागढ़ की ओर जाने वाला मार्ग, बेहट अड्डा से शकलापुरी को जाने वाला मार्ग, सदर थाना मार्ग, हनुमान नगर मार्ग, मिशन कम्पाउंड रोड, नवादा रोड आदि जर्जर हाे चुके हैं।
खास बात यह है कि बरसात रुके एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन नगर निगम या संबंधित निर्माण एजेंसियों ने उक्त मार्गों के गड्ढों को भरने का प्रयास तक नहीं किया है, जबकि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए शासन स्तर से नगर निगम को खास दिशा निर्देश जारी हुए हैं, जिसमें नगर आयुक्त को इस बात का प्रमाण पत्र शासन को देना है, कि उनके शहर की सभी सड़कें गड्ढामुक्त हो गई हैं।
-
बनने के एक महीने ही में धंस गई स्मार्ट रोड
स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में स्मार्ट रोड बनाई जा रही हैं। जीपीओ रोड करीब 20 दिन पहले ही बनकर तैयार हुई है, लेकिन उसका फुटपाथ जगह जगह से धंस गया है। इसी प्रकार पुल जोगियान से पुल खुमरान तक तैयार की जा रही स्मार्ट रोड चतरा पुल के पास से अचानक बैठ गई, जिसमें तीन फीट गहरा और दो फीट चौड़ा गड्ढा बन गया।
-
पांवधोई नदी की दीवारें ध्वस्त
पिछले दिनों भारी बारिश के कारण पांवधोई नदी उफान पर थी। पानी के तेज बहाव के कारण पांवधोई नदी के दोनों ओर बनी करीब दो फीट ऊंची दीवार का पुल खुमराननेस धोबीघाट के बीच करीब 100 मीटर का टुकड़ा पानी में गिर गया है। धोबीघाट के पास छोटे पुल की रेलिंग भी तेज बहाव में बह गई है अब पुल से चलना मुश्किल हो रहा है।
-
नागरिकों की बात
देहरादून रोड निवासी गगन गुलाटी ने कहा कि कहने को सहारनपुर स्मार्ट सिटी है, लेकिन कई सड़कों की हालत खराब है, जिनको सुधारा जाना चाहिए।
दालमंडी पुल निवासी चेतन सचदेवा ने बताया कि पुल जोगियान से बेहट अड्डा तक की सड़क कई साल से टूटी है। बारिश में गड्ढे और गहरे हो गए हैं। नई सड़क बनाई जाए।
तोता चौक निवासी अर्जुन ने बताया कि कुटिया के मंदिर से तोता चौक को आने वाली सड़क टूटी हुई है। इसी प्रकार धोबीघाट से पुल खुमरान मार्ग भी टूटा है।
न्यू गोपाल नगर निवासी सतीश मिगलानी की मांंग है कि कुछ खास मार्गों पर ध्यान न देकर पूरे महानगर की सड़कों को बेहतर और स्मार्ट बनाया जाए।
-
पुल खुमरान से बेहट अड्डे को जाने वाले मार्ग और कोर्ट रोड सहित महानगर की कई सड़कों को स्मार्ट सिटी में लिया गया है। कुछ पर काम चल रहा है, जबकि कुछ पर बरसात के तुरंत बाद इन पर काम शुरू होगा।
- अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।