सहारनपुर में आश्रय स्थल पर प्रवासी मजदूरों के बारे में जानकारी लेते डीएम अखिलेश कुमार सिंह और एस?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। लॉकडाउन के दौरान हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब सहित अन्य राज्यों से पलायन कर यहां जिले में फंसे प्रवासी मजदूरों की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन और गंभीर हो गया है। बुधवार को डीएम अखिलेश कुमार सिंह और एसएसपी दिनेश कुमार ने प्रवासी मजदूरों के आश्रय स्थलों का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि प्रवासी मजदूरों के रहने से लेकर भोजन और चिकित्सा स्थिति की लगातार रिपोर्ट संबंधित थानों, नोडल अफसरों और जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
मंगलवार को कुछ आश्रय स्थलों और क्वारंटीन एरिया से काफी संख्या में प्रवासी मजदूरों के चले जाने व उपलब्ध कराए जा रहे भोजन के बहिष्कार की सूचनाएं मिलने के बाद अफसरों ने यह दिशा निर्देश दिए। सहारनपुर-अंबाला हाईवे पर राधा स्वामी सत्संग भवन और आईआईटी सहारनपुर कैंपस के आश्रय स्थलों पर प्रवासी मजदूरों के बारे में जानकारी जुटाई। दोनों अफसरों ने बताया कि इन स्थलों पर मजदूरों के खानपान सहित अन्य व्यवस्थाओं में कोई परेशानी नहीं मिली है।
प्रवासी मजदूरों को लेकर इसलिए बढ़ी सख्ती
सहारनपुर। केंद्र सरकार ने मंगलवार को ही सुप्रीम कोर्ट में बताया कि पलायन करने वाले मजदूरों से कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि हर 10 में से तीन लोगों में संक्रमण की आशंका है। इसलिए इस मामले में पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें अधिक अलर्ट हो गई हैं।