सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र के शारदा नगर स्थित गत्ता फैक्ट्री में सुबह लगभग साढ़े पांच बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। फैक्ट्री में रखे छह गैस सिलिंडर तेज धमाकों के साथ फटने शुरू हुए तो मोहल्ले में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शारदानगर स्थित इंदिरा कॉलोनी में पटेल नगर निवासी संजीव शर्मा की गत्ते के बॉक्स बनाने की फैक्ट्री है। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 5 बजे अचानक गत्ता फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता फैक्ट्री में रखे एक दर्जन सिलिंडरों से धमाके होने शुरू हो गए।
एक के बाद एक सिलिंडर फटने लगे। लोगों को धमाके के साथ सिलिंडर हवा में उड़ते नजर आए। जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गईं। सरसावा से भी दमकल बुलवाई गई। चार गाड़ियां आग बुझाने में लग गईं। लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कुछ सिलेंडरों को फटने से पहले ही दमकल कर्मियों ने प्रयास कर बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में गत्ता भरा हुआ था। आग से लाखों रुपये का गत्ता एवं मशीनें जल गईं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मौके पर पहुंचे फैक्ट्री मालिक संजीव शर्मा की हालत फैक्ट्री में लगी आग को देखकर बिगड़ गई। तुुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
वुड कार्विंग के गोदाम में लगी आग से लाखों का सामान जला
मोहल्ला नदीम कालोनी स्थित ग्लोबल प्लाइवुड एवं इकबाल अहमद अंसारी एंड ब्रदर्स के गोदाम में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया।
शुक्रवार की रात में किसी समय मोहल्ला नदीम कालोनी स्थित ग्लोबल प्लाईवुड और इकबाल अहमद अंसारी एंड ब्रदर्स के गोदाम में रखे लकड़ी के बने सामान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा तो गोदाम मालिकों एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी। रात में ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि आग से लगभग 50 लाख रुपये से अधिक का कारीगरी कर बनाया गया फर्नीचर एवं अन्य सामान जलकर राख हो गया।