साइकिल सवार को टक्कर मार पेड़ से टकराई कार, गाजियाबाद का रहने वाला है परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट (सहारनपुर)। मां शाकंभरी देवी रोड पर गांव बड़वाला के पास गाजियाबाद के श्रद्धालुओं की कार साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे में साइकिल सवार शिवकुमार (45) निवासी गांव बड़वाला की घटनास्थल पर ही मौत गई, जबकि कार में सवार दीपक, उसकी पत्नी व दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया।
गाजियाबाद निवासी दीपक (38), पत्नी छवि (36), बेटी कासमी (5) व बेटे अक्षित (15) के साथ कार से शाकंभरी देवी दर्शन करने के लिए जा रहे थे। बड़वाला गांव के पास कार चला रहा दीपक अचानक अपना नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू कार सड़क किनारे जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे का पता चलने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक साइकिल पर सवार शिव कुमार की मौत हो चुकी थी। कार में दीपक और उसका परिवार लहूलुहान हालत में पड़ा था। पुलिस घायलों को कार से निकालकर सीएचसी बेहट ले गई, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
- आम के बाग में मजदूर था शिव कुमार
हादसे में मारा गया शिवकुमार मजदूर था। वह फिलहाल गांव के पास ही एक आम बाग में नौकरी कर रहा था। हादसे के समय भी वह साइकिल से बाग में ही जा रहा था। उसकी पांच बेटी और एक बेटा है। शिव कुमार की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। शिव कुमार परिवार में कमाने वाला अकेला था।
- सड़क हादसे के मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - मुनीशचंद्र, सीओ बेहट
बेहट में शाकंभरी देवी रोड पर पेड़ से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हुई श्रद्धालुओं की कार। स्रोत: राहग- फोटो : घटना के बाद जांच करती पुलिस।