-जनपद में 13 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, कड़ी निगरानी में होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सीटेट परीक्षा रविवार 20 अगस्त को जनपद के 27 केंद्रों पर आयोजित होगी। जिसमें 13 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर की निगरानी में होगा। साथ ही सीबीएसई के अधिकारी भी परीक्षा कराने के लिए पहुंचेंगे। स्थानीय स्तर पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
जिला समन्वयक डॉ. दिव्य जैन ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। पहली पाली में प्राथमिक स्तर तथा दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सीबीएसई की टीम आएगी, जो केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था पर नजर रखेगी। स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन और पुलिस का सहयोग रहेगा। परीक्षा के दिन केंद्राें के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें या साइबर कैफे बंद रहेंगे। डॉ. दिव्य ने बताया कि परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।