संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कृषि विभाग की पांच टीमों ने उर्वरकों की 82 दुकानों पर छापे मारकर जांच के लिए 14 नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी धीरज कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अभियान चलाकर जिले भर में उर्वरकों की दुकानों छापे मारे गए। दुकानों में जरूरी प्रपत्रों एवं स्टॉक के सत्यापन के साथ ही उर्वरकों के नमूने भी लिए गए। टीमों ने यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी, एमओपी आदि के 14 नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अधोमानक उर्वरकों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। अधोमानक उर्वरकों के बिक्री के विरुद्ध कृषि विभाग का अभियान जारी रहेगा। टीमों का नेतृत्व उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी धीरज कुमार सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी शिप्रा, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण पवन कुमार विश्वकर्मा और अपर जिला कृषि अधिकारी राजवीर ने किया।