सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में अंबाला रोड पर स्थित सिटी पैलेस में शादी समारोह से अगवा की गई तीन साल की बच्ची जैनब को 50 हजार रुपये में किसी दंपति को बेचने की तैयारी थी, लेकिन अगवा करने वाला आरोपी शाहनवाज उर्फ शानू इन खतरनाक इरादों में कामयाब नहीं हो सका।
देवबंद के अमोली का रहने वाला आरोपी रुड़की में फेरी लगाता था और शादी करने की चाहत में बच्ची को बेचने के इरादे से उसको अगवा किया था।
शनिवार को बच्ची को रुड़की से बरामद करने के साथ ही आरोपी को पकड़ने के बाद रविवार को एसपी देहात जगदीश शर्मा, एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव, एएसपी सुनीति और थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ इस वारदात का खुलासा किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 62 फुटा रोड निवासी मोहम्मद शाहरुख 31 मार्च की रात अंबाला रोड स्थित सिटी पैलेस में शादी समारोह में अपनी दो बेटियों के साथ शामिल होने गया था। रात करीब दस बजे तीन वर्षीय बेटी जैनब अचानक लापता हो गई। इसकी सूचना शाहरुख ने रात साढ़े 11 बजे थाना कुतुबशेर पुलिस को दी।
पुलिस ने सिटी पैलेस सहित आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि एक युवक बच्ची को गोद में लेकर गया है। इससे पहले समारोह में उसने खाना भी खाया।
बच्ची के अगवा होने के बाद कुतुबशेर प्रभारी शैलेंद्र शर्मा, एसएसआई धीरेंद्र मोहन शर्मा, एसआई सुनील कुमार, राजीव शर्मा, भूपेंद्र सिंह, गौरव भाटी, रवींद्र कुमार, राजवीर सिंह, राजीव शर्मा, विजयवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, कविता की टीम गठित की गई।
कैमरे में युवक के कैद होने और अगले दिन अखबारों में खबरें आने से पुलिस को जांच में बड़ी मदद मिली। नदीम कॉलोनी वाले परिवार में ही रहने वाली नुसरा और अनम ने घटना से अगले दिन जैनब की फोटो अखबारों और सोशल साइटों पर देखी तो उन्होंने अपने टीचर मोहम्मद अर्शी और अन्य लोगों को बताया गया कि सुबह नदीम कालोनी से जिस बच्ची को लेकर युवक निकला, वह जैनब ही है। इसके बाद पुलिस को सूचित कर दिया गया।
युवक और बच्ची के बारे में अहम सुराग हाथ लगने के बाद छानबीन कर रही पुलिस टीमों ने तल्हेड़ी और देवबंद सहित आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी। अमोली में जाकर पता चला कि बच्ची को ले जाने वाला इस गांव का युवक शाहनवाज उर्फ शानू पुत्र ताहिर है। गुलाबी रंग की फ्रॉक पहने बच्ची को वह यहां से रुड़की लेकर चला गया। इसके बाद पुलिस ने रुड़की में उस स्थान पर दबिश दी जहां शाहनवाज किराए के कमरे में रहता था। उसके पास से बच्ची को बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।