Well in this car were carrying precious wood
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के बेहट में बुधवार रात कोतवाली पुलिस के पीछा करने पर तस्कर खैर की लकड़ी से भरी टाटा सूमो को गांव उंसड़ रोड पर छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस गाड़ी को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई और सूचना मिलने पर कोतवाली पहुंची शाकंभरी वन रेंज की टीम को सौंप दी।
शाम करीब सात बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि कुछ तस्कर शिवालिक जंगल से काटी गई बेशकीमती खैर की लकड़ी टाटा सूमो ग्रांड में में भरकर ला रहे है। जैसे ही तस्कर बेहट पहुंचे तो पुलिस उनके पीछे लग गई।
पुलिस को पीछा करते देख तस्कर खैर से भरी गाड़ी को कलसिया से पहले उंसड़ रोड पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस गाड़ी को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। इसके बाद रेंजर शाकंभरी आर एन किमौटी कोतवाली पहुंचे, पुलिस ने गाड़ी को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया। रेंजर ने बताया कि तीन तस्करों को नामजद करते हुए विभागीय मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।