सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र में लूट की ताबड़तोड़ दो वारदात की। लूट की दूसरी वारदात करके भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने घेराबंदी करके पकड़ लिया और धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही थी। पहली घटना सुबह 11 बजे हुई। रामपुर मनिहारान कोतवाली क्षेत्र के गांव मुंडीखेड़ी निवासी ध्यान सिंह अपनी पत्नि के साथ गांव घाटहेड़ा स्थित एसबीआई बैंक आया था।
वह यहां से दस हजार रुपये निकाल कर माइनर की पटरी के रास्ते गांव लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखा कर उन्हें रोक लिया।
जब तक वह कुछ समझ पाते एक बदमाश ने उसकी पत्नी से थैला छीन लिया जिसमें दस हजार रुपये नकदी, मोबाइल, पेन कार्ड, आधार कार्ड आदि जरूरी कागजात थे। इसके बाद बदमाश शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
दूसरी वारदात दुपहर दो बजे गांव कांकरकुई में हुई। गांव के रहुवा राम पुत्र मुकंदा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह सहारनपुर से चिकित्सक के यहां से आकर अपने घर के बाहर रुका ही था कि अचानक पीछे आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका थैला छीना और फरार हो गए।
थैले मे 23 हजार रुपये की नकदी और कागजात थे। उसके शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर गांव चेहड़ी के पास गन्ने की भरी ट्राली बीच में आ जाने के कारण बौखला गए बदमाशों को धर दबोचा। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों बदमाशों को थाने ले आई।
जहां पुलिस बदमाशों से लूटे गए 23 हजार रुपये में से मात्र दस हजार रुपये ही बरामद कर सकी। बदमाशों ने बताया कि 13 हजार रुपये, पेन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक की पास बुक उन्होंने रास्ते में फेंक दी थी।
ग्रामीणों द्वारा रुपयों और कागजात की तलाश भी की गई लेकिन पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में मनव्वर पुत्र मकसूद निवासी गांव तासीपुर थाना नागल और दूसरा जहीर पुत्र जफर निवासी गांव नन्हेडा गुर्जर थाना रामपुर मनिहारान हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।