तीन और चार अक्तूबर की रात नगर कोतवाली क्षेत्र में लिंक रोड पर पशु व्यापारी के घर में हुई चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। उनके पास से चुराई गई पिस्टल और गहने भी बरामद किए हैं। तीसरा आरोपी अभी फरार है। आश्चर्य की बात यह है कि तीनों आरोपी पीड़ित के पड़ोसी हैं। एसपी सिटी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर खुलासे की जानकारी दी।
एसपी सिटी संजय सिंह ने बताया कि तीन और चार अक्तूबर की रात लिंक रोड की गली नंबर दो निवासी पशु व्यापारी मोहम्मद इमरान कुरैशी के घर चोरी हो गई थी। उस समय पूरा परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। चोरों ने इमरान के घर से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन, कारतूस और कुछ गहनों पर हाथ साफ किया था। घटना को बाद नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। तब से पुलिस घटना के खुलासे में जुटी थी।
23 अक्तूबर को पुलिस ने गली नंबर दो लिंक रोड निवासी साजेब कुरैशी पुत्र इदरीश कुरैशी तथा अमजद मलिक पुत्र इकबाल मलिक को राकेश मंडी स्थित सरकारी ट्यूबवेल से पकड़ा। दोनों ने मोहम्मद इमरान के घर चोरी करना स्वीकार किया। बताया कि घटना के दौरान उनके साथ तीसरा साथी महमूद खान पुत्र बसीर खान निवासी गली नंबर दो लिंक रोड भी साथ था और उसी ने घटना की साजिश रची थी।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी का पिस्टल, मैगजीन और गहने बरामद किए हैं, जबकि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ की जा रही है। चोरों को गिरफ्तार करने वालों में नगर कोतवाल संजय कुमार वर्मा, बिजेंद्र सिंह, मुकेश कुमार दिनकर, वेदपाल, शाहनवाज, ओमस्नेही, अनूप और सौरभ थे।