एक व्यक्ति के खाते से 75 हजार की रकम निकालने के मामले में कोर्ट रोड स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के शाखा प्रबंधक सहित कोलकाता स्थित बैंक के दो अधिकारियों के खिलाफ भी थाना सदर बाजार में मामला दर्ज कराया।
थाना सदर बाजार के गिल कालोनी निवासी अतुल अग्रवाल पुत्र चमन प्रकाश के मुताबिक उनका खाता कोर्ट रोड के सिविल लाइन स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में है। अतुल का आरोप है कि 25 जनवरी को उनके भाई संजय अग्रवाल के मोबाइल पर सिविल लाइन की पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा में उनके खाते से दो बार में 75 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया।
इसमें एक बार में 10 हजार और दूसरी बार में 65 हजार की निकासी उनके खाते से हुई। जबकि उन्होंने या उनके भाई ने ऐसी कोई रकम खाते से नही निकाली थी। अतुल अग्रवाल का आरोप है कि इसमें बैंक के शाखा प्रबंधक और कोलकाता स्थित बैंक ऑफ इंडिया की न्यू मार्केट शाखा प्रबंधक सहित कोलकाता के सुनारपुर निवासी सजीत दास पुत्र चमनदास का हाथ रहा। मिलीभगत कर तीनों ने धोखाधड़ी करते हुए उनके खाते से रकम निकाल ली। तीनों के खिलाफ थाना सदर बाजार में एफआईआर दर्ज कराई गई है।