देवबंद में पकड़ा गया नकली मावा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद में दीपावली पर्व पर बाजारों में जो मिठाई बेची जा रही है वो मिलावटी मावे से तैयार की जा रही है। कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के मंझौल जबरदस्तपुर गांव में छापा मारकर वहां से भारी मात्रा में मिलावटी मावा और केमिकल बरामद किया है।
पूछताछ में पता चला कि तैयार मावा देवबंद समेत सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में सप्लाई किया जा रहा था। मंगलवार की रात्रि करीब 12.30 बजे कोतवाल पंकज कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंझौल जबरदस्तपुर गांव के एक मकान में छापा मारकर वहां से भारी मात्रा में मिलावटी मावा और मावा बनाने में काम आने वाला केमिकल बरामद किया है।
यहां से जुलफिक्कार नामक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। कोतवाल ने बताया कि जुलफिक्कार के यहां से 2 क्विंटल 18 किलो तैयार नकली मावा, 15 रिफाइंड के पैकेट, 15 घी के पैकेट और नकली मावा बनाने में काम आने वाला केमिकल पाउडर बरामद किया है।
इस दौरान खाद्य विभाग की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से नकली मावा बनाने का काम कर रहा है।
जिसे वह देवबंद, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में सप्लाई करता है। उसने बताया कि देवबंद में एक प्रतिष्ठित मिष्ठान की दुकान पर भी नकली मावे की सप्लाई कर रहा था।