सहारनपुर में पुलिस ने वाहनों के अंतर्जनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर वाहन चोरी की कई घटनाओं को खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन बाइक और छह स्कूटी के अलावा तमंचे एवं चाकू बरामद किए हैं। पुलिस चोरी के वाहन खरीदने वाले अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सोमवार को सदर कोतवाली पुलिस पेपर मिल रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान दो स्कूटी पर तीन लोग सवार आते हुए नजर आए। पुलिस ने उनको रोक कर स्कूटी के वाहनों की चेकिंग की तो आरोपी कागज नहीं दिखा सके।
संदेह होने पर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से एक तमंचा और दो चाकू बरामद हुए। जिस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों से सख्ती से पूछताछ की तो अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की दोनों स्कूटी को बेचने के लिए जा रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजय निवासी रक्षा कालोनी, गुरुदेश निवासी रामनगर, बिट्टू निवासी रामनगर बताया। आरोपियों ने शहर में वाहन चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया और चोरी कर वाहनों को बेचने वाले तीन लोगों के नाम बताए।
पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनसे तीन स्कूटी और बरामद कर लीं। गिरफ्तार किए चोरी के वाहन खरीदने वालों में अवनीश उर्फ रिंकू निवासी लेबर कालोनी, रवि निवासी ग्राम बांदूखेड़ी, नीटू उर्फ भजनलाल निवासी कांशीराम कालोनी, शेखपुरा शामिल हैं। जबकि तीन बाइक एवं एक स्कूटी पुलिस ने आरोपी अजय के घर से बरामद की। पुलिस ने स्कूटी चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा किया है।
ऑटो में घूमकर करते थे रेकी
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि ग्राम रामनगर निवासी बिट्टू ऑटो चलाता है। बिट्टू अपने ऑटो में अजय और गुरदेश को लेकर अधिक वाहन खड़े होने वाले स्थान पर घुमाकर रेकी कराता था। किसी ने भी अपनी बाइक अथवा स्कूटी का लॉक खुला छोड़ा, तुरंत ही अजय और गुरदेश वाहन लेकर फरार हो जाते थे। बाद में वाहनों को सस्ते दामों में दूसरे जनपदों एवं देहात क्षेत्र में बेच देते थे।
एसएसपी ने की पुरस्कृत करने की घोषणा
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि वाहन चोर गिरोह को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल सदर कोतवाली के एसएसआई ज्ञानेंद्र सिंह,
एसआई सुरेंद्र सिंह, रेशमपाल, प्रदीप कुमार यादव, सिपाही अवनीश, अजीत, मोनू, तरुण शर्मा को पुरस्कृत किया जाएगा।