परचून की दुकान पर सामान लेने आई नौ वर्षीया छात्रा के साथ वृद्घ दुकानदार ने अश्लील हरकतें की। यहीं नहीं उसे दुकान में भी बंद कर लिया। शोर मचाने पर एकत्र हुए लोगों ने बालिका को बाहर निकाल कर घर भेजा। साथ ही दुकानदार की धुनाई भी की और गलती की माफी मंगवाई। परिजनों ने हंगामा किया तो लोगों ने निर्णय दुकानदार का बहिष्कार का निर्णय लिया।
नगर के एक मोहल्ले में 68 वर्षीय व्यक्ति परचून की दुकान चलाता है। सोमवार को उसकी दुकान पर नौ वर्षीय छात्रा परचून का सामान खरीदने पहुंची। आरोप है कि पहले तो दुुकानदार छात्रा के साथ अश्लील बातें करता रहा।
कुछ ही देर बाद दुकान का शटर डालकर छात्रा को जबरदस्ती पकड़ कर अश्लील हरकतें करने लगा। छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास से गुजर रहे लोगों ने आवाज सुनकर शटर को खुलवाया। अंदर का नजारा देख मोहल्ले के लोग अचंभित रह गए। लोगों को देख दुकानदार ने छात्रा को छोड़ दिया। वह रोती-बिलखती हुई घर की ओर दौड़ पड़ी। इसके बाद लोगों ने अधेड़ की पिटाई भी की।
उधर, मामले की जानकारी होने पर गुस्साए परिजनों ने दुकान पर पहुंच कर हंगामा किया। इस नगर के कुछ गणमान्य लोगों ने करतूत की माफी मंगवाई।
साथ ही निर्णय लिया गया कि दुकानदार का सभी मुहल्लेवासी बहिष्कार करेंगें। इस फैसले से छात्रा के परिजन भी संतुष्ट नजर आए। उधर, एसओ का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। यदि तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
दो किशोरियों को खेत में खींचने की कोशिश, आरोपी दबोचे
नानौता। खेत गई दो किशोरियों से गांव के ही दो लड़कों ने छेड़छाड़ करते हुए गन्ने के खेत में खींचने की कोशिश की। शोर होने पर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
दोनों चचेरी बहनें रविवार की शाम खेत में गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही दो लड़कों ने उनके साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें की। शोर मचाने पर लड़कों ने उन्हें गन्ने के खेत में खींचने की कोशिश की।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर युवक मौके से फरार हो गए। पीड़ित किशोरी की मां ने थाने में नामजद तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामला एक बिरादरी का होने के कारण रविवार और सोमवार को भी ग्रामीण पंचायत कर सुलह के प्रयास में लगे थे। उधर, एसओ ने बताया कि आरोपी युवकों को पकड़ लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।