सहारनपुर के सरसावा में होली के मौके पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे 10 टायरा ट्रक को रोकने का प्रयास किया। ट्रक चालक ने ट्रक रोकने की बजाय पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और भागने लगा। इससे भगदड़ मच गई।
पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा कर ट्रक को रुकवा कर 50 लाख रुपये से अधिक की शराब पकड़ ली। पुलिस ने तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह शराब सहारनपुर एवं प्रदेश के अन्य शहरों में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी।
रविवार को सुबह सरसावा पुलिस शाहजहांपुर चेक पोस्ट पर हरियाणा की ओर से आ रहे वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने हरियाणा की ओर से आ रहे दस टायरा ट्रक को चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया।
पुलिस टीम के मुताबिक ट्रक चालक ने वाहन रोकने की बजाय उसकी गति तेज कर दी और पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने भागकर जान बचाई। पुलिस टीम ने कुछ दूर जाकर ट्रक को रुकवाया और जांच की।
इसमें 50 लाख रुपये से भी अधिक कीमत की 770 पेटियां शराब की थीं। पुलिस ने शराब को ट्रक समेत जब्त कर लिया। इसके साथ ही ट्रक चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुनफैत निवासी दुमझेड़ा थाना चिलकाना, मोहित निवासी ततारपुर थाना अमरोहा तथा कैलाश निवासी तेलीपुरा मुरादाबाद शामिल हैं।
पुलिस को चकमा देने के लिए बदल देते थे नंबर प्लेट
एसओ यशपाल धामा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट बदलकर ट्रक को निकालते थे। आरोपियों के पास से दो नंबर प्लेट बरामद हुईं हैं। आरोपी सीमा पार करते ही नंबर प्लेट बदल देते थे। एक ओर दूसरे नंबर की और दूसरी ओर अलग नंबर की नंबर प्लेट लगाते थे।
सहारनपुर और अन्य शहरों में की जानी थी सप्लाई
एसओ यशपाल धामा ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि हरियाणा से शराब की तस्करी कर सहारनपुर लाते हैं और सहारनपुर से इसकी सप्लाई जिले के साथ प्रदेश के अन्य शहरों में की जाती है।