सहारनपुर के बेहट में छह बदमाशों ने रविवार की रात अनवरपुर बरौली गांव में रिटायर्ड बैंक मैनेजर के घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया और सोने के कुड़ल व 20 हजार की नकदी लूट ली।
बदमाशों ने इससे पहले तीन और घरों में घुसने की कोशिश की, लेकिन जाग होने पर उन्हें उल्टे पांव भागना पड़ा। सूचना मिलने पर 100 नंबर डायल पुलिस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में काबिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
पीड़ित की तरफ से कोतवाली में घटना की तहरीर दी गई है। पुलिस ने पास के गांव में ठहरे खानाबदोश परिवार के कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
अनवरपुर बरौली गांव में रिटायर्ड बैंक मैनेजर सत्यपाल सिंह अपने मकान में पत्नी कांता के साथ रहते हैं। रात करीब 12:30 बजे छह बदमाश चारदीवारी फांदकर मकान के प्रांगण में दाखिल हुए और मकान की गैलरी के दरवाजे का कुंडा खोलकर एक कमरे की विंडो की ग्रिल उखाड़ी और अंदर दाखिल हुए।
बदमाशों ने अंदर सो रहे सत्यपाल सिंह और उनकी पत्नी कांता को तमंचे से आतंकित किया। बदमाशों ने सत्यपाल को चारपाई पर गमछे से हाथ पांव बांधकर कांता से अलमारी की चाबी मांगी।
बदमाश अलमारी खोलकर सोने के एक जोड़ी कुंडल और 20 हजार की नकदी लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने दो और कमरों में रखे संदूक, बेड आदि को भी खंगाला। बदमाश करीब एक घंटा मकान के अंदर रहे।
इसके बाद बदमाश दंपति को मकान के अंदर बंद कर फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने पड़ोस के रविंद्र पटवारी के मकान में भी घुसने की कोशिश की, लेकिन उनकी गाय के खूंटा तोड़ने पर यहां पहले से ही परिवार के लोग जाग रहे थे, जिसके चलते बदमाशों को उल्टे पांव लौटना पड़ा।
इससे पहले बदमाशों ने पूर्व प्रधान रामपाल और विनोद के मकानों में भी घुसने का प्रयास किया था, लेकिन बदमाशों को यहां से भी जाग होने पर भागना पड़ा।