ग्राम बड़गांव में हुए 150 शौचालयों के निर्माण के गोलमाल के मामले में डीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारी से 441661 रुपये की वसूली किए जाने एवं स्पष्टीकरण दिए जाने के निर्देश दिए हैं। स्थिति स्पष्ट न करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विकास खंड नानौता के ग्राम बड़गांव निवासी पप्पू सिंह की शिकायत पर ग्राम पंचायत सचिव एवं पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा बनवाए गए 150 शौचालयों की जांच कराए जाने की मांग की।
जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा गठित टीम की जांच में प्रत्येक व्यक्तिगत शौचालयों का सत्यापन किया गया। जिसमें 28 लाभार्थियों के शौचालयों में गड्ढे नहीं मिले, 144 शौचालयों में चैंबर नहीं पाए गए, 56 लाभार्थियों के शौचालय का सिर्फ ढांचा बना हुुआ पाया गया, 55 शौचालयों में सीट नहीं पाई गईं, 43 में प्लास्टर नहीं मिला, 84 में छत नहीं मिली, 75 में रंगाई, पुताई नहीं मिली, 52 शौचालयों में दरवाजा नहीं पाया गया, 145 शौचालयों में हौज नहीं मिला, 71 में टाइल्स नहीं मिली जबकि 5 का तो नामोनिशान नहीं मिल पाया। जांच अधिकारी द्वारा शौचालयों के निर्माण में 883321 रुपये का दुरुपयोग पाया गया।
जिसकी आधी धनराशि ग्राम विकास अधिकारी उपेंद्र कुमार राणा से वसूलने के निर्देश दिए गए। जिला विकास अधिकारी विक्रम सिंह ने जिला विकास अधिकारी को आधी धनराशि 441661 रुपये जमा कराए जाने और 8 अगस्त तक अपना स्पष्टीकरण भेजने के निर्देश दिए हैं। 8 अगस्त तक स्पष्टीकरण न दिए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।