सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में सात साल की मासूम बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला दबा कर हत्या करने की पुष्टि हुई है। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव में पहुंचने पर पुलिस की मौजूदगी में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बता दें कि सोमवार की शाम रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही कक्षा दो की सात वर्षीय छात्रा लापता हो गई थी।
इसके बाद उसका शव ईख के खेत में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला दबाने से हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 और 376 क के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने गांव के तीन युवकों को शक के आधार पर हिरासत में ले रखा है, जिनसे पूछताछ जारी है। सीओ विष्णु चंद्र गौतम ने बताया कि शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस को इस घटना में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब बच्ची का शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया। संगीनों के साए में गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक बिमला राकेश, विधायक रविंद्र कुमार मोल्हू, पूर्व ब्लाक प्रमुख चौधरी नक्षत्रपाल पंवार, प्रवीण बांदूखेडी, भोपाल सिंह, शिवकुमार, चौधरी इसम सिंह आदि शामिल हुए।