सहारनपुर में पत्नी की दवा लेने के लिए निकले एक ट्रक मालिक की बदमाशों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को नवादा रोड पर फतेहपुर के निकट एक रजवाहे में पुलिया के नीचे फेंक दिया।
जबकि उसकी बाइक रेलवे स्टेशन से बरामद हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के नवादा रोड स्थित मोहल्ला आनंद विहार निवासी ट्रक मालिक अमन कुमार (28) पुत्र नेकीराम अपने घर से बुधवार की रात नौ बजे अपनी पत्नी अनुराधा की दवा लेने के लिए बाइक लेकर घर से निकला था।
रात दस बजे तक भी घर नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन करना शुरू कर दिया। पहले तो फोन पर घंटी जाती रही, लेकिन बाद में बंद हो गई। रात 11 बजे तक भी अमन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने कोतवाली सदर बाजार पुलिस एवं हसनपुर चौकी पर उसके लापता होने की सूचना दी।
परिजन भी उसे रात भर तलाश करते रहे। ीरत में ही उसकी बाइक तो रेलवे स्टेशन पर मिल गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार की सुबह नवादा एवं फतेहपुर के लोगों ने एक शव रजवाहे में पुलिया के नीचे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। सूचना पर अमन के परिजन भी वहां पहुंच गए और शव की पहचान की। पुलिस के अनुसार अमन की गला दबाकर हत्या की गई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र ने बताया कि इस मामले में अमन के तेहरे भाई मुकेश कुमार ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अमन के परिजनों का आरोप है कि रात एक घंटे तक अमन के वापस न आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। कोतवाली सदर बाजार को भी फोन किया था और हसनपुर चौकी पर भी फोन किया था। लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई।
वह खुद ही रात भर अमन को तलाश करते रहे। पुलिस उनका साथ देती तो रात को ही अमन मिल जाता और हो सकता है बच भी जाता। लेकिन पुलिस ने लापरवाही की, सुबह भी उसे तलाश नहीं किया। लोगों ने ही अमन का शव पड़ा होने की सूचना दी तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां भी केवल खानापूर्ति की और शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।