सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित रेलवे कालोनी के मैदान में रात में युवक की चाकुओं से गोदकर एवं गर्दन रेत कर हत्या कर दी गई। रक्तरंजिश शव मिलने से मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मोहल्ला रेलवे कालोनी स्थित रेलवे मैदान में लोग मार्निंग वाक के लिए पहुंचे।
घूमते समय लोगों को खून से लथपथ पड़ा युवक का शव देखा। मैदान में शव मिलने से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि युवक की चाकुओं से गोदकर एवं गला रेत कर हत्या की गई है। जबकि पुलिस का अनुमान है कि युवक की कहीं दूसरी जगह हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के थानों से लापता लोगों के बारे में जानकारी कर रही है। पुलिस के अनुसार शव पर चाकुओं के तीन निशान हैं, जबकि गले को भी चाकू से काटा गया है।