सहारनपुर के देवबंद में सास से रोटी को लेकर झगड़ा हुआ तो एक विवाहिता कमरे में फांसी के फंदे पर झूल गई। घटना लालवाला गांव की है और विवाहिता 11 माह पूर्व ही ब्याह कर इस गांव में आई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि उसके पति को हिरासत में लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मकबरा गांव में रहने वाली राखी का विवाह करीब 11 माह पूर्व लालवाला गांव के संदीप के साथ हुआ था। उसके एक माह की बच्ची भी है। बुधवार की सुबह राखी सुसराल के एक कमरे में पंखे पर फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली।
जिससे ससुरालियों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर पुलिस और राखी के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ करते हुए राखी के पति संदीप को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल विजय प्रकाश ने बताया कि संदीप से पता चला कि कई दिनों से राखी खाना बनाने में देरी कर रही थी। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। सास बहू में हल्की कहासुनी हुई। वह दोनों को समझाकर अपने काम पर चला गया।
जबकि उसकी मां भी खेतों पर चली गई। इसी से क्षुब्ध राखी ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। खेत से मां लौटी तो उसे फांसी के फंदे पर लटका पाया। उन्होंने बताया कि राखी के परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इंकार कर दिया है। उन्होंने दामाद समेत उसके घरवालों पर कोई इल्जाम नहीं लगाया है।