सहारनपुर में मंडी कोतवाली के सामने रायवाला निवासी टेलर जाफर की लूट के बाद गोली मारकर हत्या करने के मामले को लेकर व्यापारियों ने आधी रात तक जमकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारी मौके पर लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे।
बुधवार की रात लगभग 10 बजे थाना मंडी के नजदीक ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने मोहल्ला रायवाला निवासी टेलर जाफर की लूट के विरोध में गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता इमरान मसूद एवं व्यापारी एकत्रित होकर थाना पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। व्यापारियों ने थाना और वहां पहुंचे पुलिस अधिकारियों को घेर लिया। आधी रात तक व्यापारी थाना पर हंगामा करते रहे।
नगर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अब्दुल कादिर रात 12 बजे के बाद तक लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे। पुलिस अधिकारियों ने शेष आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। आधी रात के बाद जाकर लोग शांत हुए।
लोगों का कहना है कि छह भाइयों में जाफर तीसरे नंबर का था। माता पिता और बड़े भाई का पहले ही इंतकाल हो चुका है। गरीब परिवार की जाफर ही गुजर-बसर कर रहा था। गमगीन माहौल में बृहस्पतिवार को उसे सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
हत्यारोपी गिरफ्तार, टेलर जाफर की लूट के विरोध में हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि हत्या के बाद भागते हुए पकड़े गए आरोपी शाकिब को पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
शाकिब से एक तमंचा भी बरामद करने का पुलिस ने दावा किया है। शाकिब पहले भी लिंक रोड पर हुई एक लूट के मामले में जेल जा चुका है। जबकि उसके खिलाफ सदर बाजार कोतवाली में भी मामला दर्ज है।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने जाफर की हत्या में शामिल दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाश का नाम थाना मंडी क्षेत्र निवासी मुंतजिर बताया जा रहा है। उस पर भी कई मामले बताए जा रहे हैं।