सहारनपुर में हसनपुर चौकी क्षेत्र की सेंट्रल पार्क कॉलोनी में रविवार की रात बदमाश घुस आए। उन्होंने कॉलोनी की एंट्री पर खड़े होकर अंधाधुंध फायरिंग की। सूचना मिलते ही तारपुर के ग्रामीण लाठी और डंडे लेकर मौके पर पहुंचे।
इसके बाद कॉलोनीवासियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों को खदेड़ा। रविवार की रात करीब नौ बजे करीब छह की संख्या में हथियार बंद बदमाश दिल्ली रोड पर आईटीआई के सामने स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने एंट्री पर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी।
इससे आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही लोग सकते में आ गए। इसके बाद कॉलोनी वासियों ने अपने लाइसेंसी हथियारों से जवाबी फायरिंग की।
सूचना मिलते ही ताहरपुर गांव के लोग लाठी और डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर बदमाश खेतों के रास्ते भाग निकले। कॉलोनीवासी अधिवक्ता विकास ने बताया कि वह सौ नंबर पर काफी देर तक कॉल करते रहे, मगर फोन नहीं उठाया।
करीब आधा घंटे बाद हसनपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने घटना की जानकारी ली। घटना के बाद से कॉलोनीवासी दहशत में हैं, जिन्होंने सोमवार की रात से पहरा देने का निर्णय लिया है।