हत्याकांड के बाद हंगामा करते ग्रामीण और परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में हलालपुर से काम कर अपने गांव टोपरी जा रहे युवक की हत्या कर शव को एक खेत में फेंक दिया। सड़क किनारे पड़े मिले साइकिल, टिफन और मोबाइल से युवक का पता चल सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देहात कोतवाली के ग्राम टोपरी निवासी राकेश का 19 वर्षीय पुत्र सुभाष ग्राम हलालपुर में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर काम सीखने के लिए आता था। रोजाना शाम को लगभग सात बजे अपने गांव पहुंच जाता था।
पिता राकेश ने बताया कि सोमवार की शाम को सुभाष के अपने काम से घर लौटने में देरी हो गई तो उसने सुभाष को फोन किया। इस पर उसने बताया कि वह अभी निकला है और थोड़ी देर में पहुंच जाएगा, लेकिन वह काफी देर बाद तक भी नहीं पहुंचा।
राकेश ने उसको फिर फोन किया। सुभाष से कोई संपर्क नहीं होने पर उसने दुकान मालिक को फोन करके पूछा तो उसने बताया कि वह तो शाम 6 बजे ही निकल चुका है। इस पर परिजन परेशान हो गए।
उन्होंने सुभाष के साथ आने वाले लोगों से पूछताछ की तो गांव के ही पद्म ने बताया कि सुभाष की साइकिल रास्ते में सुल्तानपुर की पुलिया के पास पड़ी हुई है। उसका टिफन भी वहीं पर है।
परिजन मौके पर पहुंचे और साइकिल के आसपास तलाश किया तो वहां पर खून बिखरा पड़ा था। सुभाष का टिफन, उसका मोबाइल फोन और एक ब्लेड भी वहां पड़ा हुआ था। परिजनों ने खेतों में सुभाष की तलाश शुरू की तो कुछ दूरी पर उसका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ मिला।
उसके गले और हाथ पर ब्लेड से काटने के निशान थे। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस साइकिल, मोबाइल और ब्लेड को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों में अज्ञात में देहात कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।