पुलिस ने फंदपुरी चौकी के निकट मुठभेड़ के बाद 10 हजार रुपये के इनामी जुल्फान उर्फ जॉनी उर्फ काला उर्फ मोंटू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम भूरीबांस में हुई लूट एवं हत्या में शामिल बताया जा रहा है।
नगर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस गंगोह में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध लोगों को आते देखा। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार नहीं रुके और फंदपुरी की ओर भाग निकले।
जिस पर पुलिस ने वायरलेस पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नकुड़ पुलिस ने फंदपुरी चौकी के निकट खेड़ा अफगान मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी और आरोपियों को आते देख उनकी घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में नकुड़ पुलिस ने भी फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। जबकि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में सिपाही मीरहसन के बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया।
आरोपी के पास से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक तमंचा, कारतूस एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया, जबकि घायल आरोपी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया बदमाश जुल्फान उर्फ जोनी उर्फ काला उर्फ मोंटू निवासी ग्राम चौरावाला भाना भोपा, मुजफ्फरनगर है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश 10 हजार रुपये का इनामी है। इस पर बिजनौर में कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 24 दिसंबर को ग्राम भूरीबांस में गोवर्धन की हत्या कर लूट करने की घटना में भी शामिल था।