तीन लाख रुपये हड़पने के लिए तीन लोगों ने एक किशोर की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या कर दी। इसके बाद इसे दुर्घटना का रूप देने और शव को गड्ढे में दबाने का भी प्रयास किया गया। पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक के ताऊ ने तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर गौसगढ़ निवासी 16 वर्षीय अभिषेक पुत्र ओमकार गांव जानपुर माजरी निवासी करेशन के साथ मिट्टी भराव का काम करता था। परिजनों के अनुसार उसके करीब तीन लाख रुपये करेशन पर बकाया थे। अभिषेक के ताऊ ऋषिपाल द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार आरोपी करेशन, गांव जेहरा निवासी सोहनलाल और सांतोर निवासी जोहर शुक्रवार रात उसके रुपये देने की बात कहकर उसे सांगाठेडा ले गए थे।
आरोप है कि वहां रात में उन्होंने अभिषेक की ट्रैक्टर के पहिये से कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद गांव के बाहर जेसीबी से गड्ढा खोदकर शव को दबाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों के आने पर आरोपी भाग गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसके परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। कोतवाल यशपाल सिंह धामा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दुर्घटना का रूप देने की कोशिश
गंगोह। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार अभिषेक की हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। शनिवार सुबह 108 नंबर पर एंबुलेंस को दुर्घटना में युवक के घायल होने की सूचना दी। एंबुलेंस के चालक-परिचालक द्वारा उसे मृत बताने पर उन्होंने एंबुलेंस को वापस भेज दिया। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बना ली।
आरोपी शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर गांव सिकंदरपुर के बाहर ले आए और वहां जेसीबी से गड्ढा खोदना आरंभ कर दिया। इससे पूर्व की आरोपी शव को दबा पाते तभी ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया। लोगों को आता देख आरोपी फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित शव को कोतवाली ले आई।
तंजीम का था बंद फैक्ट्री में मिला शव
सहारनपुर। बंद पड़ी हड्डी की फैक्ट्री में 16 जून को मिला शव ढोलीखाल निवासी तंजीम पुत्र सत्तार का था। तंजीम के परिजनों ने शनिवार को कोतवाली मंडी पहुंचकर खुलासे की मांग की।
पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। 16 जून को पुलिस ने बंद पड़ी हड्डी की फैक्ट्री से करीब 30 वर्षीय युवक का अधजला शव बरामद किया था, जिसमें से कीड़े चल रहे थे। पुलिस ने मृतक के पर्स में से मिली मोबाइल चिप के जरिये उसकी पहचान की, जिसके बाद उसकी शिनाख्त भी करा दी गई।
तंजीम के भाई मोहम्मद अजीम ने बताया कि तंजीम मजदूरी करता था, जो दस जून को रोजा खोलने के बाद लखनऊ में रहने वाले मामा के घर जाने की बात कहकर निकला था। करीब तीन दिन बाद जब उन्होंने मामा से फोन पर बात की तो तंजीम के न पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद उनको किसी अनहोनी की आशंका हुई।
वह तंजीम को तलाश ही रहे थे कि पुलिस ने शव मिलने की सूचना दी। शनिवार को मोहम्मद अजीम परिजनों के साथ कोतवाली मंडी पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी जेएन यादव से घटना के खुलासे की मांग की। उधर, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस गंभीरता के साथ मामले की जांच कर रही है। एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।