सहारनपुर शहर के रायवाला मार्केट में एक व्यापारी का बैग छीनने का विरोध करने पर बुधवार की रात बदमाशों ने टेलर को गोली मार दी। टेलर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मार्केट के व्यापारियों ने जबरदस्त हंगामा कर दिया।
थाने पर जमा व्यापारियों की भीड़ ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए गोली मारने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद व्यापारियों का हंगामा शांत हुआ।
पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। मौके पर पहुंचे एसएसपी मनोज तिवारी ने पुलिस से जानकारी लेेने के बाद पुलिस को अलर्ट कर आरोपियों के जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए।
रात करीब 10 बजे रायवाला के अंकुर मार्केट में व्यापारी दुकान बंद करने में लगे थे। इस दौरान एक मोबाइल व्यापारी अपने बैग के साथ घर जा रहा था। बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उस व्यापारी पर धावा बोला और उसका बैग छीन लिया।
बैग छीनते ही बदमाश फरार होने लगे, इससे पहले वहां मौजूद व्यापारियों ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए हथियार लहराने लगे।
इस बीच अंकुर मार्केट में टेलर की शॉप का मालिक जफर वहां पहुंचा और उसने बदमाशों की ओर झपट्टा मार दिया। जफर की हिम्मत देख बदमाशों के हौसले पस्त हो गए।
खुद को घिरा देख उन्होंने फायर झोंक दिया। गोली लगते ही जफर जमीन पर गिर गया। खून से लथपथ हालत में वहां मौजूद व्यापारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
कांग्रेस नेता इमरान मसूद भी मौके पर पहुंचे। थाने पर भारी संख्या में व्यापारी पहुंच गए और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर गोली चलाने वाले हत्यारोपी शाकिर को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी। व्यापारी नेता राधेश्याम नारंग ने बताया कि बदमाशों ने सिम एजेंट से बैग छीनने की कोशिश की थी। वहां से गुजर रहे व्यापारी जफर ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मार दी।
जफर की मार्केट में टेलर की शॉप है। सूचना पर एसएसपी मनोज तिवारी पहुंचे और व्यापारियों से बात कर आरोपी के गिरफ्तारी की जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि हत्यारोपी शाकिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। अन्य बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।