थाना सदर क्षेत्र के रेलवे रोड पर शुक्रवार अपराह्न साढ़े तीन बजे सरेआम दो छात्राओं को अगवा करने की कोशिश की गई। भीड़ ने दो आरोपी युवकों की जमकर धुनाई कर दी। आरोपी युवक छात्राओं को कभी बहन, कभी दोस्त तो कभी रिश्तेदार बताते रहे। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के पास ही शहर के एक कॉलेज की दो छात्राएं ट्यूशन पढ़ने के लिए पहुंची थीं। ये छात्राएं जब यहां से जाने लगी, तो दो युवक वहां बाइक से पहुंचे। उनका एक अन्य साथी कार में था। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि बाइक सवारों ने छात्राओं को रोका।
इसके बाद एक युवक ने जबरन ले जाने को लेकर एक छात्रा को थप्पड़ भी मारे। बताया जा रहा है कि ये युवक छात्राओं को कार की ओर ले जाने का दबाव बनाते रहे। इसी बीच कुछ शक होने पर आसपास के दुकानदारों ने युवकों से पूछा कि वे लड़की को क्यों पीट रहे हैं, तो एक कहने लगा कि यह उसकी बहन है, जबकि दूसरे ने कहा बहन नहीं ये दोस्त है।
कुछ ही देर में रिश्तेदार बताने लगे। इससे क्षेत्रवासियों का शक और बढ़ गया। इसी बीच एक लड़की ने जब कहा कि युवक उन्हें जबरन ले जाने की कोशिश कर रहे हैं. तो पब्लिक ने दोनों युवकों को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच कार लेकर आया युवक वहां से गायब हो गया।
आरोपियों ने अपना नाम कभी सोनू, संजय तो कभी सलमान, रफीक बताया
पब्लिक की पिटाई के दौरान जब क्षेत्र के लोगों ने उनका नाम पता पूछा तो भी युवक तरह तरह की बात करते रहे। वे हाथ जोड़कर माफी तो मांगते रहे, लेकिन खुद का नाम पता बताने को लेकर भ्रमित करते रहे। एक बार उन्होंने अपने नाम सोनू और संजय बताए लेकिन बाद में नाम सलमान और रफीक बताया। पते के तौर पर एक आरोपी ने पठानपुरा के पास का होना बताया।
थाने ले गई पुलिस
पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। सदर प्रभारी एसके दुबे ने बताया कि लड़की उठाने के शक में जिन आरोपियों को लाया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाने के बाद ही पूरी जांच की जाएगी। दूसरी ओर, छात्राएं युवकों के परिचित होने से इनकार करती रही।